डीएम ने विकास भवन के औचक निरीक्षण में मिलीं अव्यवस्थाओं पर जताई कड़ी नाराजगी
कार्यालयों में साफ-सफाई एवं अधिकारियों-कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुधार के लिए दिया 15 दिन का समय
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जिलाधिकारी अशोक कुमार ने आज प्रातः 10:00 बजे विकास भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर गंदगी, अव्यवस्थित सामग्री, रखरखाव में लापरवाही तथा उपस्थिति संबंधी कमियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने तथा कार्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण कार्यालय, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण कार्यालय, अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, जिला विकास अधिकारी कार्यालय, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए), युवा कल्याण विभाग, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, अर्थ एवं संख्या अधिकारी कार्यालय, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, आयुष कार्यालय, नेडा, कृषि विभाग, दुग्ध विकास विभाग तथा सहायक निबंधक सहकारिता कार्यालय सहित विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, कार्यस्थलों की स्थिति तथा सरकारी अभिलेखों के रखरखाव का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर, सीढ़ियों एवं शौचालयों में गंदगी, मकड़ी के जाले, टूटे हुए शीशे तथा अनुपयोगी सामग्री एवं स्क्रैप अव्यवस्थित ढंग से रखा हुआ पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखना प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी है। कार्यालयों में साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था की जाए तथा अनुपयोगी एवं निष्प्रयोज्य सामग्री का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। महत्वपूर्ण एवं मूल अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखा जाए, ताकि शासकीय कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपस्थिति रजिस्टरों के निरीक्षण के दौरान विभिन्न कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति संबंधी कमियां सामने आने पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित कार्यालयाध्यक्षों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा बिना उचित कारण अनुपस्थित पाए गए 10 कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालय समय में कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यों का समयबद्ध निस्तारण और आमजन को सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
विकास भवन में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी के संबंध में जिलाधिकारी ने नाजिर जितेंद्र कुमार को कड़ी फटकार लगाई तथा मुख्य विकास अधिकारी के स्तर से नियमानुसार प्रतिकूल प्रविष्टि निर्गत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर की व्यवस्थाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कार्यालयों की कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराएं और व्यवस्थाओं में स्पष्ट सुधार सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने विकास भवन की समस्त व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को 15 दिन की समयसीमा निर्धारित की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित अवधि में साफ-सफाई, कार्यालयों के सुव्यवस्थित रखरखाव, अभिलेखों के संरक्षण तथा अन्य व्यवस्थागत कमियों को दूर किया जाए। समयसीमा के उपरांत स्थिति में अपेक्षित सुधार न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कार्यालय परिसरों एवं दीवारों पर थूकने जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाने सहित आवश्यक कार्रवाई की जाए। सभी विभागाध्यक्ष अपने कार्यालयों में नियमित साफ-सफाई, शौचालयों की स्वच्छता तथा भवन एवं परिसर के समुचित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जनसुनवाई करें तथा आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता को पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा जनसमस्याओं की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।