कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने UPUMS की ओपीडी का किया निरीक्षण, मरीजों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई/इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS), सैफई के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने अस्पताल की ओपीडी का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया तथा मरीजों से उनके उपचार, उपलब्ध सुविधाओं एवं संतुष्टि के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कुलपति महोदय ने मरीजों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाने वाली दवाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों को आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी रोगी सूचना प्रणाली (Patient Information System) विकसित करने पर भी जोर दिया।
ओपीडी में मरीजों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए कुलपति महोदय ने भीड़ प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने तथा पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी कुछ दिनों में एकल पंजीकरण काउंटर (Single Window Registration Counter) स्थापित करने तथा पंजीकरण, मरीजों के मार्गदर्शन एवं अन्य संबंधित प्रबंधन व्यवस्थाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
इस पहल का उद्देश्य मरीजों को पंजीकरण एवं अन्य प्रक्रियाओं में होने वाली असुविधा से राहत दिलाना, अनावश्यक प्रतीक्षा को कम करना तथा अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाना है।
कुलपति महोदय ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके अनुभव एवं संतुष्टि में निरंतर सुधार करना है। इसके लिए स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, प्रभावी सूचना तंत्र और बेहतर भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।