लैब टेक्नीशियन के घर से लाखों के जेवर-नकदी चोरी,दो नौकरानियों पर जताया शक, जांच में जुटी पुलिस
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। स्वरूपनगर थाना क्षेत्र स्थित जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में ब्लड बैंक की लैब टेक्नीशियन अंजलि मिश्रा के घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी हो गई। उनकी सास करुणा बाजपेई के हैंडबैग में सोने की चेन, कड़े समेत अन्य जेवर, चांदी की पायल और करीब 2500 से 3000 रुपये रखे थे।अंजलि ने मकान में काम करने वाली दो नौकरानियों पर चोरी का शक जताया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अंजलि मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उनके सास-ससुर हरदोई में रहते हैं। उनकी सास करुणा बाजपेयी का हैंडबैग घर पर रखा हुआ था।20 अक्तूबर को बैग में जेवर और नकदी रखी थी। 21 अक्तूबर को भी सामान मौजूद था, लेकिन 22 अक्तूबर को बैग खोलकर देखने पर जेवर और नकदी गायब मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। स्वरूप नगर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
|