हमीरपुर में स्नातक निर्वाचन का मतदान शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न, जनपद में 50.68 प्रतिशत मतदान
-डीएम व एसपी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जनपद हमीरपुर में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न हुई। जनपद के सभी 18 मतदान केंद्रों पर सुव्यवस्थित ढंग से मतदान कराया गया। जनपद में कुल 50.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी अशोक कुमार तथा पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा मतदान प्रक्रिया का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदान संबंधी प्रबंधों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मतदान कार्मिकों एवं सुरक्षा कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जनपद में सभी 18 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मतदान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा बड़ी समस्या की सूचना नहीं मिली। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा समन्वय के साथ निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अशोक कुमार ने मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी मतदाताओं, निर्वाचन कार्मिकों, पुलिस कर्मियों तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे सभी कार्मिकों को उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं सहयोग के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से जनपद में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।