एमएलसी चुनाव को लेकर अलर्ट रहा प्रशासन
-- डीएम-एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
*एमएलसी चुनाव पर प्रशासन की पैनी नजर, बूथों का भ्रमण कर डीएम-एसपी ने परखी व्यवस्था*
*कंट्रोल रूम से बूथों तक निगरानी, शांतिपूर्ण मतदान के लिए मुस्तैद रहे अधिकारी*
*बलिया में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए मुस्तैद रहा प्रशासन*
वरिष्ठ संवाददाता हरि ओम
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस बलिया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के मतदान को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों का निरीक्षण किया।
जिले में 20 मतदेय केंद्रों के अंतर्गत 54 बूथों पर हो रहे मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी ने सबसे पहले कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय गड़वार, प्राथमिक विद्यालय नगरा, उच्च माध्यमिक विद्यालय सीयर, कंपोजिट विद्यालय सिकंदरपुर, उच्च माध्यमिक विद्यालय रसड़ा, कंपोजिट विद्यालय चिलकहर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय हल्दी तथा कंपोजिट उच्च माध्यमिक विद्यालय बैरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मतदान की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी मतदेय स्थलों का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है। विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और कहीं से भी किसी प्रकार की समस्या की जानकारी नहीं मिली है। प्रशासन की ओर से मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त निरीक्षण से मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।