स्वतंत्र प्रभार मंत्री द्वारा 125 फुट ऊँचे राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना एवं आज़ाद पार्क का लोकार्पण |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | राष्ट्र गौरव एवं शहीदों की पुण्य स्मृति को समर्पित ऐतिहासिक आयोजन के अंतर्गत आज नवीन फल एवं सब्जी मंडी, चकरपुर, कानपुर में 125 फुट ऊँचे राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना, प्रथम ध्वजारोहण एवं आज़ाद पार्क के लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर आज़ाद पार्क का लोकार्पण किया।इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि 125 फुट ऊँचे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण न केवल कानपुर के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। वहीं, आज़ाद पार्क का लोकार्पण हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करने का प्रेरणादायी माध्यम बनेगा।
इस अवसर पर कानपुर दक्षिण के जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, सदस्य विधान परिषद अविनाश सिंह चौहान, पूर्व विधायक फतेहपुर विक्रम सिंह, अध्यक्ष फ्रूट एसोसिएशन उमेश तोमर, अध्यक्ष आलू मंडी अजय मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष पंकज कुशवाहा जी, महामंत्री कृपाल सिंह, निदेशक प्रशासन,संजय सिंह, उपनिदेशक निर्माण पंकज कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण, किसान बंधु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।