मुख्यमंत्री योगी कल महार्षि वाल्मीकि आश्रम आयेंगे, पेशवा पार्क में करेंगे जनसभा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 अक्टूबर को बिठूर में वाल्मीकि जयंती पर वह ऐतिहासिक महर्षि वाल्मीकि आश्रम में दर्शन करेंगे और नानाराव पेशवा पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे।बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने सीएम के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सबसे पहले महर्षि वाल्मीकि आश्रम में दर्शन करेंगे। इसके बाद नानाराव पेशवा पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे। बिठूर और बिल्हौर में विकास कार्यों का शिलान्यास भी हो सकता है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है। ऐसे में चुनाव से पहले मुख्यमंत्री के इस दौरे को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार शाम अधिकारियों ने जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। वहीं, शनिवार को डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने हेलीपैड, जनसभा स्थल और महर्षि वाल्मीकि आश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने वीवीआईपी सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती, पार्किंग, यातायात, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाएं देखीं। अधिकारियों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एडीसीपी वेस्ट योगेश कुमार, एडीसीपी ट्रैफिक पूनम सिरोही और एसडीएम सदर अनुभव सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
|