मतदाता सूची की शुद्धता पर डीएम सख्त,बीएलओ को आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने उच्च प्राथमिक विद्यालय अस्करन पूर्वा स्थित मतदेय स्थल संख्या 219, 220 और 221 का निरीक्षण कर मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की प्रगति परखी। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से प्रारूप-6, प्रारूप-7 और प्रारूप-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों तथा उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची और उससे संबंधित डिजिटल डाटा को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नियमित रूप से अद्यतन किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए सभी बीएलओ पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।उन्होंने कहा कि प्रारूप-6 के तहत नए मतदाताओं के नाम शामिल करने, प्रारूप-7 के माध्यम से नाम विलोपन संबंधी आवेदनों तथा प्रारूप-8 के जरिए मतदाता विवरण में संशोधन एवं अन्य अनुमन्य सुधारों से जुड़े प्रपत्रों की नियमानुसार जांच की जाए। सभी आवेदनों का सत्यापन कर निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।साथ ही अभिलेखों और ऑनलाइन डाटा में एकरूपता बनाए रखी जाए।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ, मतदेय स्थल पर्यवेक्षकों और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, कन्नौज को निर्देशित किया कि मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ प्राप्त आवेदनों की स्थिति पर भी ध्यान दिया जाए,ताकि निर्वाचन संबंधी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।