पीईटी को लेकर प्रशासन अलर्ट:डीएम-एसपी ने बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
-परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा पीईटी-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। परीक्षार्थियों के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कन्नौज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि पीईटी-2026 में विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना है। ऐसे में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और परीक्षा के बाद वापस लौटने में किसी भी परीक्षार्थी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने तथा अभ्यर्थियों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा को निष्पक्ष,पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।सभी अधिकारी आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।किसी भी स्तर पर लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।एसपी विनोद कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी तरह की गड़बड़ी,अनुचित गतिविधि या लापरवाही सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।तीन तारीखों में होगी परीक्षा पीईटी 2026 की परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित होगी। प्रत्येक तिथि पर परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।