विद्यार्थियों को मिली विश्वविद्यालय के नियमों की जानकारी, समाज सेवा के लिए किया प्रेरित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम के छठे दिन शैक्षणिक नियमों एवं सामाजिक जागरूकता पर व्याख्यानों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता के मार्गदर्शन एवं कृषि एवं वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. कौशल कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराने के साथ अनुशासन, सामाजिक चेतना एवं सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करना है।प्रथम सत्र में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय के नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नियमित उपस्थिति के महत्व तथा न्यूनतम 80 प्रतिशत उपस्थिति की अनिवार्यता पर प्रकाश डालते हुए क्रेडिट सिस्टम, ग्रेडिंग प्रणाली, पाठ्यक्रम कोड, परीक्षा पद्धति, छात्रावास एवं मेस संबंधी नियमों तथा डिप्लोमा, प्रमाणपत्र एवं ऑनलाइन कोर्स जैसी उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को दिशा-निर्देशों का पालन करने, अनुशासित रहने और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।द्वितीय सत्र में जन जागृति सेवा समिति (जेजेएसएस), कानपुर के सचिव श्री विजय प्रताप सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में सामाजिक जागरूकता, समाज सेवा तथा सामाजिक विकास में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का मंच संचालन बीएससी (कृषि) प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं प्रकृति साख्या एवं राशिका खैरवाल ने किया। उन्होंने वक्ताओं एवं अतिथियों का परिचय कराते हुए दोनों सत्रों को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया।इस अवसर पर डॉ. राजीव कुमार, डॉ. विनीत धीर, डॉ. रजत मिश्रा, डॉ. विकास सिंह, डॉ. विकास कुमार, डॉ. अभिषेक रथ, डॉ. विधु दीक्षित, डॉ. सूर्यांशी बाजपेयी सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
|