सेवा शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ
- शिविर में लगाए गए 37 स्टॉल, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किया गया लाभान्वित |हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आज हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) के शताब्दी भवन में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा 37 स्टॉल लगाकर आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित एवं सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनमोल पाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा संचालित योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग (आईसीडीएस) के स्टॉल पर एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म में भी सहभागिता की।अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत रश्मि सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के क्रम में देशभर में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं का लाभ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों को अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में सुविधा होती है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अभिनव तिवारी ने कहा कि शिविर के माध्यम से आमजन को विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों की सहभागिता से लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रयास है कि जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों तक विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचे, जिससे वे इनका लाभ प्राप्त कर सकें।शिविर में जिला कारागार, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा), समाज कल्याण विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, कानपुर विद्युत आपूर्ति कंपनी लिमिटेड (केस्को), खाद्य एवं रसद विभाग, मत्स्य विभाग, दुग्धशाला विकास विभाग तथा कृषि विभाग द्वारा स्टॉल लगाए गए।इसके अतिरिक्त राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पांडु नगर, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), श्रम विभाग, पर्यटन विभाग, बैंक ऑफ बड़ौदा, परिवहन विभाग, मिशन शक्ति, उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, रेशम विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के स्टॉलों के माध्यम से भी विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं एवं स्वरोजगार के अवसरों के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को मंच से लाभ प्रदान किए गए। शिविर में पहुंचे लोगों ने विभागीय स्टॉलों पर योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई।कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (आवश्यक वस्तु अधिनियम) देवकांत शुक्ला, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार शुक्ला, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अभिनव तिवारी, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अतुल कुमार नायक, संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह, समस्त न्यायिक अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी तथा आमजन उपस्थित रहे।
|