महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता का संदेश
-ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों से कराया गया अवगत |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | मेट्रो के स्टेशन अब आवागमन के साथ-साथ कला, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता के संदेशों के भी केंद्र बन रहे हैं। इसी क्रम में आज बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर 'कलरव ड्रामेटिक क्लब' के सहयोग से महिला सुरक्षा पर केंद्रित एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।इस नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्रों ने प्रभावशाली प्रस्तुति देते हुए समाज के सभी वर्गों को महिलाओं की सुरक्षा और स्वतंत्रता के प्रति जागरूक रहने तथा इसके लिए अपनी आवाज उठाने का संदेश दिया। नाटक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि महिलाओं के साथ होने वाले अभद्र व्यवहार या उत्पीड़न के लिए उन्हें ही दोषी ठहराने वाली सामाजिक मानसिकता को बदलना आवश्यक है। साथ ही, महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने, पीड़ित महिलाओं का साथ देने, बेटियों को शिक्षित कर आगे बढ़ाने और नारी सम्मान को सामाजिक मूल्यों का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।इस अवसर पर कानपुर मेट्रो के ऑपरेशन स्टाफ एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रों को मेट्रो स्टेशनों और ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए गए विभिन्न प्रबंधों की जानकारी दी।