इचौली व नायक पुरवा ग्राम पंचायत के नवयुवकों द्वारा पेयजल व्यवस्था सुधार की मांग को लेकर किया गया जल सत्याग्रह
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l मौदहा विकास खंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम इचौली व ग्राम नायक पुरवा के नवयुवकों द्वारा पेयजल व्यवस्था सुधार की मांग को लेकर जल सत्याग्रह किया गया।
गौरतलब है कि इचौली व नायक पुरवा ग्राम पंचायत की आबादी करीब 10 हजार है। दोनो गांवों के पेयजल आपूर्ति हेतु 08 वर्ष पूर्व शासन द्वारा करीब 05 करोड़ रुपये खर्च कर "नायक पुरवा ग्राम समूह पेयजल योजना" का गठन किया गया था।
इस जल सत्याग्रह का नेतृत्व कर रहे सौरभ मिश्रा एडवोकेट ने बताया कि प्रारंभ में उक्त योजना जल संस्थान द्वारा संचालित की जा रही थी, तब तक बढ़िया जलापूर्ति मिल रही थी तथा कोई समस्या नही थी। परंतु प्रशासन द्वारा वर्तमान में प्राइवेट संस्था आई०टी० वर्ल्ड को उक्त योजना के संचालन की जिम्मेदारी दे दी गई है। प्राइवेट हाथों में आते ही कई समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं जबकि सम्पूर्ण भू-भाग का भूमिगत जल खारा है तथा दोनों गांवों में अन्य कोई कोई भी पेयजल का जलस्रोत नही है। दीपावली के त्योहार पर भी पिछले 05 दिनो से पेयजल की आपूर्ति नहीं की गई है।
विवेक पाल ने बताया कि नायक पुरवा ग्राम समूह पेयजल योजना में 04 नग ट्यूबवेल स्थापित किए गए हैं। कार्यरत कर्मचारियों द्वारा बताया गया है कि वर्तमान में 01 ट्यूबवेल में जलस्रोत न होने के कारण पानी नही निकलता है जबकि शेष 02 ट्यूबवेल की मोटर खराब है पिछले 04 दिनों से खराब है जबकि 01 ट्यूबवेल पिछले 45 दिनों से खराब पड़ा है।
राम बहादुर रैकवार ने बताया कि गांव में जिन दिनों पेयजल आपूर्ति सामान्य अवस्था में चल रही होती है तब तीसरे दिन जल की आपूर्ति की जाती है।
गंगादीन वर्मा ने बताया कि दिनांक-07/11/2026 से लगातार ठेकेदार कम्पनी आई०टी० वर्ल्ड के प्रतिनिधि अर्पित सचान व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित कर चुके हैं परन्तु पेयजल समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया है।
आज ग्राम इचौली के नवा तालाब के गन्दे पानी में उतरकर दर्जनों युवाओं ने हाथों में मांगपत्र लेकर प्रदर्शन करते हुए जल सत्याग्रह किया तथा खराब पड़े ट्यूबवेलों की तत्काल प्रभाव से मरम्मत कराकर यथाशीघ्र जलापूर्ति प्रारंभ कराने, खराब ट्यूबवेल का रिबोर कराने व गांव में तीसरे दिन के स्थान पर प्रतिदिन जलापूर्ति प्रारंभ कराने तथा नायक पुरवा ग्राम समूह पेयजल योजना के संचालन कार्य से प्राइवेट कंपनी को हटाकर चित्रकूट धाम मंडल जल संस्थान जनपद- बाँदा से संचालन कराए जाने की मांग रखी। इस अवसर पर राजाराम रैकवार, पंकज कुमार, अवधेश नामदेव, ऋषि तिवारी, संजय त्रिपाठी सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।