इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में कानपुर के 3535 युवा दिखाएंगे हुनर
*18 नवंबर से तीन केंद्रों पर शुरू होंगी प्रतियोगिताएं, 16 दिसंबर तक चलेगा आयोजन
*62 कौशल विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे युवा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा अगले चरण में अवसर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत आयोजित इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-27 में कानपुर नगर के युवाओं ने पंजीकरण में उल्लेखनीय भागीदारी दर्ज कराई है। प्रतियोगिता के लिए जनपद के 3535 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। पंजीकरण के मामले में कानपुर नगर ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। प्रतियोगिता का आयोजन 18 नवंबर से प्रारंभ होकर 16 दिसंबर 2026 तक विभिन्न चरणों में किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के नोडल अधिकारी हरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत जनपद में 62 कौशल विधाओं में युवाओं को अपनी तकनीकी दक्षता और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताएं अलग-अलग चरणों में निर्धारित नोडल केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। इस आयोजन के माध्यम से विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में दक्ष युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध होगा।
प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पांडुनगर, एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर, जरीब चौकी तथा हिंदुस्तान लेटेक्स फैमिली प्लानिंग प्रमोशन ट्रस्ट के प्रशिक्षण केंद्र, माल रोड को नोडल केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न कौशल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
नोडल अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अगले चरण में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं के कौशल को प्रोत्साहित करने के साथ उनकी तकनीकी दक्षता को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रतियोगिता के संबंध में अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी कार्यालय के मोबाइल नंबर 7991200207 एवं 7991200206 पर संपर्क कर सकते हैं।