गंगा टास्क फोर्स ने चलाया स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों और नागरिकों ने दिया स्वच्छ गंगा का संदेश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर । गंगा नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से गंगा टास्क फोर्स द्वारा बिठूर स्थित पत्थरघाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज, बिठूर के विद्यार्थियों, रिवेम इंडिया फाउंडेशन एनजीओ तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सपना सिंह रहीं। उन्होंने गंगा की स्वच्छता को सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि गंगा हमारी सांस्कृतिक धरोहर ही नहीं, बल्कि जीवनदायिनी नदी भी है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार रणवीर सिंह के नेतृत्व में जवानों, विद्यार्थियों, एनजीओ के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने घाट परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की तथा कूड़ा-कचरा एकत्रित किया। इस दौरान लोगों को गंगा में प्लास्टिक, पूजन सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थ न डालने के लिए जागरूक किया गया। सूबेदार रणवीर सिंह ने कहा कि गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखना केवल किसी एक संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। गंगा टास्क फोर्स निरंतर विभिन्न जागरूकता एवं स्वच्छता अभियानों के माध्यम से आमजन, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को गंगा संरक्षण के लिए प्रेरित कर रही है। अभियान के अंत में गंगा टास्क फोर्स ने सभी प्रतिभागियों को गंगा की स्वच्छता बनाए रखने, जल संरक्षण करने तथा दूसरों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का शपथ दिलाई और पौधे वितरित किए।