आईआईटी कानपुर, क्यूट ब्रेन्स और कानपुर देहात पुलिस की पहल
-शिक्षकों को बौद्धिक क्षमता आकलन और क्रोध प्रबंधन का दिया गया प्रशिक्षण |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (आईआईटी कानपुर) ने क्यूट ब्रेन्स प्राइवेट लिमिटेड और कानपुर देहात पुलिस के सहयोग से कानपुर देहात के अकादमिक रिसोर्स पर्सन्स (एआरपी) और शिक्षकों के लिए संज्ञानात्मक आकलन एवं क्रोध प्रबंधन पर दो कार्यशालाओं का आयोजन किया। इन कार्यशालाओं का आयोजन आईआईटी कानपुर स्थित पायनियर बैच कंटिन्यूइंग एजुकेशन सेंटर में किया गया। इनका उद्देश्य शिक्षकों की क्षमता को मजबूत करना था, ताकि वे विद्यार्थियों की संज्ञानात्मक क्षमताओं को बेहतर ढंग से समझ सकें और उनके भावनात्मक कल्याण के लिए उचित सहयोग प्रदान कर सकें। इन कार्यशालाओं का आयोजन आईआईटी कानपुर, क्यूट ब्रेन्स प्राइवेट लिमिटेड और कानपुर देहात पुलिस के बीच दो माह पूर्व हुए त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन के तहत किए जा रहे सहयोगात्मक प्रयासों के अंतर्गत किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों में व्यावहारिक एवं प्रमाण-आधारित तरीकों को अपनाना तथा शिक्षकों को बच्चों की संज्ञानात्मक और भावनात्मक आवश्यकताओं के प्रति अधिक प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने में सक्षम बनाना है। पहली कार्यशाला संज्ञानात्मक आकलन पर केंद्रित रही, जिसमें कानपुर देहात के विभिन्न विकासखंडों में तैनात अकादमिक रिसोर्स पर्सन्स ने भाग लिया। दूसरी कार्यशाला क्रोध प्रबंधन विषय पर आयोजित की गई, जिसमें जिले के शिक्षक शामिल हुए। सत्रों के दौरान व्यावहारिक चर्चाओं और गतिविधि-आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को ऐसी तकनीकों से परिचित कराया गया, जिन्हें वे कक्षा में प्रभावी रूप से लागू कर सकते हैं संज्ञानात्मक आकलन से संबंधित प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षक बच्चों की क्षमताओं, विशेषताओं और सामर्थ्य को बेहतर ढंग से समझने और उनका आकलन करने में सक्षम होंगे। इससे शिक्षकों को विद्यार्थियों की व्यक्तिगत क्षमता और आवश्यकताओं के आधार पर उचित मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने में मदद मिलेगी। वहीं, एआरपी क्रोध प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण से प्राप्त सीख को अपने-अपने विकासखंडों के विद्यालयों तक पहुंचाने और उसके क्रियान्वयन में सहयोग करेंगे।कार्यक्रम का शुभारंभ आईआईटी कानपुर के उप निदेशक प्रो. ब्रज भूषण, शोध एवं विकास के डीन प्रो. जयंधरन राव तथा राज्य संसाधन समूह के सदस्य अजय गुप्ता की उपस्थिति में हुआ।इस अवसर पर आईआईटी कानपुर के उप निदेशक प्रो. ब्रज भूषण ने कहा, _“हर बच्चे की क्षमताएं, खूबियां और भावनात्मक आवश्यकताएं अलग-अलग होती हैं। हमारे शिक्षकों और रिसोर्स पर्सन्स के पास इन भिन्नताओं को समझने और उनके प्रति सकारात्मक एवं रचनात्मक तरीके से प्रतिक्रिया देने के लिए सही साधन और समझ होना आवश्यक है। इस पहल के माध्यम से हमारा प्रयास है कि शिक्षकों की क्षमता को मजबूत किया जाए, ताकि वे विद्यार्थियों की क्षमता को पहचान सकें, उन्हें बेहतर मार्गदर्शन दे सकें और विद्यालयों में अधिक सहयोगपूर्ण एवं सकारात्मक सीखने का वातावरण तैयार कर सकें।