माइनर की पटरी टूटने से 20 बीघा गेहूं की फसल जलमग्न, किसानों में आक्रोश
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ,हमीरपुर l औड़ेरा से अतरौलिया जाने वाली माइनर की पटरी टूटने से करीब 20 बीघा कृषि भूमि में पानी भर गया। खेतों में गेहूं की बुवाई के बाद पानी भरने से किसानों को फसल बर्बाद होने और भारी आर्थिक नुकसान की आशंका सता रही है। किसानों का आरोप है कि सिंचाई विभाग ने माइनर की सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की। जगह-जगह सिल्ट और झाड़ियां जमा होने के साथ ही पटरी की मरम्मत भी ठीक से नहीं कराई गई। माइनर में पानी छोड़े जाने के बाद कमजोर पटरी टूट गई और पानी किसानों के खेतों में भर गया। इस घटना में करन, वीरेंद्र, सुरेंद्र, कालीदीन, जय हिंद और शैलेंद्र समेत कई किसानों के खेत प्रभावित हुए हैं। अचानक खेतों में पानी भरने से किसानों में हड़कंप मच गया। किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। किसानों ने प्रशासन से प्रभावित खेतों का तत्काल सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। साथ ही माइनर की सफाई और पटरी मरम्मत की तकनीकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। सवाल यह है कि माइनर की सफाई और मरम्मत के नाम पर सरकारी धन खर्च होने के बावजूद पटरी टूटकर किसानों की फसलें जलमग्न कैसे हो गईं? अब देखना होगा कि सिंचाई विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर किसानों को राहत दिलाते हैं या नहीं। ऐई एन एस चौहान ने बताया की माइनर नहर जहाँ से टूटी थी उसको बंद करा दिया गया है जाँच जारी है।