बिना सफाई माइनर में छोड़ा पानी, खेतों में जलभराव की आशंका
-सिल्ट और मिट्टी से जगह-जगह अवरुद्ध नहर, टेल तक नहीं पहुंच रहा पानी; सफाई के बजट पर जेई और ग्रामीणों के दावों में विरोधाभास
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सरीला,हमीरपुर l नहरों की सफाई कराकर किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के दावों के बीच बोखर गांव की माइनर नहर की बदहाल स्थिति ने जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि बिना सिल्ट सफाई कराए ही माइनर में पानी छोड़ दिया गया। नतीजतन जगह-जगह पानी का बहाव रुक रहा है और किसानों को खेतों में जलभराव की आशंका सताने लगी है। माइनर में सिल्ट जमा होने और कई स्थानों पर अवरोध के कारण पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नहर की समय से सफाई नहीं होने के कारण टेल तक पानी पहुंचना मुश्किल हो रहा है। मामले की पड़ताल के दौरान मौके पर पहुंचे जेई रविंद्र जेसीबी की मदद से नहर में रुके पानी को निकलवाने का प्रयास करते मिले। नहर की सफाई के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बजट उपलब्ध नहीं होने की बात कही।
वहीं, ग्रामीणों का दावा है कि माइनर की सिल्ट सफाई के लिए बजट आवंटित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद धरातल पर सफाई नहीं कराई गई। जेई के बजट उपलब्ध नहीं होने के बयान और ग्रामीणों के बजट आवंटन के दावे के बीच विरोधाभास सामने आने से सफाई कार्य और सरकारी धनराशि के उपयोग को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, आसपास संचालित बालू खंडों के संचालकों ने ट्रकों की आवाजाही के लिए नहर किनारे भारी मात्रा में मिट्टी डलवा दी है। इससे कई जगह नहर का रास्ता संकरा और अवरुद्ध हो गया है। पानी छोड़ने के बाद भी बहाव प्रभावित होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। बोखर निवासी राधाकृष्ण ने बताया कि सिल्ट की सफाई नहीं होने से माइनर में जगह-जगह पानी भरा हुआ है। पानी छोड़े जाने के बाद अब किसानों को खेतों में जलभराव का डर सता रहा है। इसी माइनर से बोखर, जिटकिरी, इछोरा, चंदौत और झबरा गांवों के किसानों की कई हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई होती है। सफाई के अभाव में नहर का पानी अंतिम छोर तक नहीं पहुंच पा रहा है। किसानों ने माइनर की तत्काल सिल्ट सफाई कराने, नहर में डाले गए मिट्टी के अवरोध हटवाने और सफाई के लिए आवंटित बजट की जांच कराने की मांग की है। अब सवाल यह है कि जब नहर की सफाई के लिए बजट आवंटित होने का दावा किया जा रहा है, तो आखिर सफाई क्यों नहीं हुई और जिम्मेदारी किसकी है?