पन्नी की झोपड़ी में कट रही जिंदगी, एक साल से पक्की छत का इंतजार
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस गोहांड,हमीरपुर l गरीब परिवारों को पक्की छत मुहैया कराने के लिए सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना संचालित कर रही है, लेकिन जरूरतमंदों तक योजना का लाभ पहुंचने के दावों के बीच गोहांड विकासखंड की ग्राम पंचायत नहदौरा से एक तस्वीर सामने आई है। यहां भारती पत्नी राजेंद्र अपने पति और मासूम बच्ची के साथ पिछले एक साल से पन्नी की झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं। परिवार के पास रहने के लिए पक्का मकान नहीं है। अपनी जमीन पर पन्नी डालकर किसी तरह गुजर-बसर कर रहे परिवार को आज भी सरकारी आवास का इंतजार है। भारती का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने के लिए ग्राम प्रधान और सचिव से कई बार गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। मजदूरी के सहारे परिवार का भरण-पोषण करने वाली भारती के लिए पक्की छत का सपना अब भी अधूरा है। बरसात हो या सर्दी, परिवार को इसी अस्थायी झोपड़ी में रात गुजारनी पड़ती है। इस मामले ने ग्राम पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र जरूरतमंदों के चयन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल है कि यदि परिवार आवास योजना की पात्रता पूरी करता है तो अब तक उसे योजना का लाभ क्यों नहीं मिला? क्या संबंधित अधिकारियों ने परिवार की वास्तविक स्थिति का सर्वे किया है? शिकायतों के बावजूद परिवार को आवास दिलाने की दिशा में अब तक क्या कार्रवाई हुई? इस संबंध में गोहांड खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार पांडेय से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं लग सका। ऐसे में अब जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर परिवार की पात्रता की जांच कराने और नियमानुसार आवास योजना का लाभ दिलाने की अपेक्षा है।