बीच सड़क पर लगे बिजली के पोल के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, लगाया जाम
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ,हमीरपुर - कस्बे के अतरौलिया मोहल्ले में नवीन सब्जी मंडी जाने वाले मार्ग पर बीच सड़क में लगा विद्युत पोल लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। कई बार शिकायत के बावजूद पोल नहीं हटाए जाने से नाराज करीब आधा सैकड़ा महिला-पुरुषों ने सोमवार को सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। बीच सड़क पर लगा पोल हादसों का खतरा बना हुआ है। इसे हटवाने के लिए कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लंबे इंतजार के बाद लोगों ने जाम लगाकर अपना आक्रोश जताया और तत्काल पोल हटवाने की मांग की।
प्रदर्शन में राजेश चौरसिया, मोहर सिंह, ताम्रध्वज, दिनेश राजपूत, प्रकाश और बंशाराम सहित एक दर्जन मोहल्लों के लोग मौजूद रहे। इस दौरान एक महिला मोहल्लेवासी ने भी समस्या को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।