पुलिस झंडा दिवस पर एसपी ने ध्वज फहराकर पुलिस कर्मियों को किया संबोधित
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक द्वारा पुलिस ध्वज फहराया गया तथा उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा प्रेषित संदेश को पढ़कर सुनाया गया तथा सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए पुलिस ध्वज की गरिमा एवं गौरव बनाए रखने हेतु प्रेरित किया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस के वीर जवानों के शौर्य, कर्तव्यपरायणता एवं उत्कृष्ट सेवाओं के फलस्वरूप दिनांक 23 नवम्बर 1952 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। उत्तर प्रदेश पुलिस देश का प्रथम राज्य पुलिस बल है, जिसे उसके अप्रतिम योगदान एवं गौरवशाली सेवाओं के लिए पुलिस कलर ध्वज से सम्मानित किया गया। यह गौरवशाली उपलब्धि समस्त पुलिसकर्मियों के लिए गर्व, सम्मान एवं प्रेरणा का प्रतीक है।