राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज, हमीरपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक स्वर, एक संविधान’ विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर राम प्यारे के दिशा-निर्देशन एवं सिविल जज सीनियर डिवीजन/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर श्रीमती वंदना अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद गौतम ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यालय परिवार की ओर से सचिव महोदया का पुष्पगुच्छ भेंटकर एवं बैज लगाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती वंदना अग्रवाल ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूलभूत आदर्शों की जानकारी दी। उन्होंने मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के महत्व को समझाते हुए कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को उसके कर्तव्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों का भी बोध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने तथा सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रहा। सचिव महोदया, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने एक साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस सामूहिक सहभागिता के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की भावना को समझने और उसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद गौतम सहित सौरभ पांडेय, राजू वर्मा, राजाराम, बाबूराम कनौजिया, डॉ. विवेक, विष्णु कुमार शुक्ला, श्रीमती शशि वर्मा, श्रीमती सीता देवी, कु. सांझ कश्यप, संजीव पाठक, बृजेंद्र निगम, रियाज अहमद, अली अहमद, संजीव खरे, मनीष, नितिन, अमन एवं अली सहित अन्य शिक्षकगण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पराविधिक स्वयंसेवक पीएलवी सुनील पाण्डेय एवं पवन तिवारी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाने, लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास सुदृढ़ करने तथा उन्हें संविधान के आदर्शों का पालन करने वाले जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।