जाम से निजात के लिए झकरकटी पुल पर नहीं खड़ी होंगी बसें
- अलग अंडरग्राउंड बस टर्मिनल बनेगा, 166 करोड़ से होगा पुननिर्माण, नगर निगम 33 करोड़ से बनाइगाअप्रोच रोड
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। झकरकटी बस अड्डे पर बसों की आवाजाही का तरीका बदलने की तैयारी है। अभी तक बसों को टर्मिनल तक पहुंचने के लिए मौजूदा रास्तों और पुलों का सहारा लेना पड़ता है। इससे कई बार झकरकटी पुल पर बसों की कतार लग जाती है और आसपास के यातायात पर भी दबाव बढ़ता है।
अब दिल्ली की तर्ज पर बसों को सीधे अंडरग्राउंड टर्मिनल तक पहुंचाने के लिए अलग स्लोपिंग अप्रोच रोड बनाई जाएगी। इससे बसों को पुलों पर खड़ा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही बसों की एंट्री और एग्जिट भी व्यवस्थित हो सकेगी। झकरकटी बस अड्डे का करीब 166 करोड़ रुपए से पीपीपी मॉडल पर पुनर्विकास होना है। पंजाब की सीगल कंपनी को इसका ठेका दिया गया है। कंपनी फिलहाल परियोजना का सर्वे करा रही है। योजना में आधुनिक बहुमंजिला टर्मिनल भवन और अंडरग्राउंड बस अड्डा बनाया जाना है। नगर निगम की 33 करोड़ रुपए की अप्रोच रोड इसी परियोजना का अहम हिस्सा होगी। जिसमें 1200 मीटर लंबी इस अप्रोच रोड का निर्माण कराएगा। यह झकरकटी बस अड्डे के पास स्थित झील के किनारे से शुरू होकर मेट्रो स्टेशन के पीछे से गुजरेगी और सीधे प्रस्तावित अंडरग्राउंड टर्मिनल से जुड़ेगी। नगर निगम ने इसके निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। 19 दिसंबर को टेंडर खोले जाएंगे। चयनित कार्यदायी संस्था को एक साल में निर्माण पूरा करना होगा। अधिशासी अभियंता आरके सिंह ने बताया कि अप्रोच रोड का डिजाइन इस तरह तैयार किया जा रहा है कि बसों को टर्मिनल तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
- दो साल के लिए दूसरी जगह शिफ्ट होगा बस संचालन
पुनर्विकास के बाद टर्मिनल में एयरकंडीशंड वेटिंग रूम, शॉपिंग मॉल, रेस्टोरेंट, वाईफाई और इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन जैसी सुविधाएं मिलेंगी। निर्माण के दौरान बसों का संचालन प्रभावित न हो, इसके लिए बस अड्डे को दो साल के लिए दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना है। यानी झकरकटी में सिर्फ भवन नहीं बदलेगा, बल्कि बसों के संचालन से लेकर यात्रियों की आवाजाही तक पूरी व्यवस्था नए सिरे से तैयार होगी।