संविधान दिवस पर सारथी भवन में गूंजा राष्ट्रनिष्ठा का संकल्प, आरआई ने कर्मियों को दिलाई शपथ
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। भारत के संविधान निर्माण की गौरवशाली वर्षगांठ यानी संविधान दिवस (26 नवंबर) के अवसर पर गुरुवार को परिवहन विभाग के सारथी भवन परिसर में एक गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान संभागीय निरीक्षक (आरआई) संतोष कुमार ने कार्यालय के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सदैव निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरआई संतोष कुमार ने कहा कि 26 नवंबर का दिन प्रत्येक भारतीय नागरिक और विशेष रूप से लोक सेवकों के लिए आत्ममंथन का दिन है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि परिवहन विभाग का सीधा जुड़ाव आम जनता से होता है, ऐसे में प्रत्येक कर्मचारी का यह नैतिक और संवैधानिक दायित्व है कि वह पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और सजगता के साथ अपने सरकारी कर्तव्यों का निर्वहन करे। उन्होंने सभी कर्मियों को जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने के लिए प्रेरित किया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कार्यालय का माहौल देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा से ओतप्रोत नजर आया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रधान सहायक मधुसूदन मिश्रा, अतुल सिंह, सरफ़राज़ अहमद, प्रीति तोमर, बच्चू लाल, श्याम करन यादव, पंकज यादव,शिवम सिन्हा, राजेश कुमार, मनीष कुमार सहित परिवहन विभाग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा और सभी ने संविधान के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।