कार्डियोलॉजी में मरीजों की बढ़ी परेशानी, पर्चा बनवाने के लिए लंबी कतारों में लगने को मजबूर तीमारदार
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। सर्दी का मौसम शुरू होते ही कानपुर स्थित कार्डियोलॉजी अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी है। अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को पर्चा बनवाने के लिए लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा है। पर्चा बनवाने के लिए कुल सात काउंटर खुले होने के बावजूद मरीजों को काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।अस्पताल परिसर में लगी लंबी कतारें व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही हैं। दिल के मरीजों के लिए समय पर उपचार मिलना बेहद जरूरी होता है, लेकिन पर्चा बनवाने में ही काफी समय लग जाने से मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ जाती है। कई मरीज पहले से ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे होते हैं, ऐसे में घंटों लाइन में खड़ा रहना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पतालों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संसाधन और बजट दिए जाते हैं। इसके बावजूद कार्डियोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में पंजीकरण व्यवस्था को लेकर सवाल उठना चिंताजनक है। आखिर मरीजों को जल्द पर्चा बनवाने और समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है?
अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या संबंधित अधिकारी इन कैमरों की निगरानी करते हैं? मरीजों और तीमारदारों के साथ अस्पताल कर्मचारियों तथा चिकित्सकों का व्यवहार कैसा है, इसकी नियमित समीक्षा भी जरूरी है।अधिकारियों से संज्ञान लेने की मांग
कानपुर के संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों एवं अस्पताल प्रशासन को इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए। अधिकारियों को अचानक अस्पताल पहुंचकर पंजीकरण व्यवस्था, मरीजों की सुविधाओं और कर्मचारियों के व्यवहार का निरीक्षण करना चाहिए, ताकि जमीनी हकीकत सामने आ सके।
सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास कर रही है, लेकिन इन सुविधाओं का लाभ वास्तविक रूप से मरीजों तक पहुंचना भी जरूरी है। कार्डियोलॉजी जैसे संवेदनशील अस्पताल में पर्चा बनवाने की प्रक्रिया सरल और तेज होनी चाहिए, ताकि गंभीर मरीजों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
संवाददाता ने मौके पर जो स्थिति देखी, उसे जनहित में सामने रखा है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर कब संज्ञान लेते हैं और मरीजों को राहत देने के लिए क्या कदम उठाते हैं।