छह दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए के पादप रोग विज्ञान विभाग द्वारा 23 से 28 फरवरी, 2026 तक छह दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश के 12 जनपद के कुल 76 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रतिभाग किया। इन छह दिवसों में प्रशिक्षणार्थियों को डॉ० मुकेश श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष, पादप रोग विज्ञान विभाग, डा० विनीता सिंह, प्राध्यापक, खाद्य विज्ञान एवं पोषण एवं कु० अंजू शुक्ला तथा डा० सिद्धार्थ सिंह, पादप रोग विज्ञान विभाग, रोशनी, कीट विज्ञान विभाग द्वारा मशरूम का इतिहास, श्वेत बटन एवं ढिंगरी मशरूम का उत्पादन की तकनीकी के साथ मशरूम के मूल्यवर्धक उत्पाद, मशरूम व्यंजन, मशरूम की बीमारियां एवं प्रबन्धन, मशरूम फार्म संरचना तथा मशरूम की खेती के दौरान आने वाली समस्यांओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान डा० धन्नंजय सिंह ने स्पान उत्पादन और उसमें आने वाली समस्याओं से प्रशिक्षणार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। मशरूम उत्पादन करने के लिए अनुदान प्राप्त करने हेतु बैंक से एमएसएमइ का कार्य देख रहे श्री शिवम त्रिपाठी ने प्रशिक्षणार्थियों से अपने सुझाव साझा किये। विभाग के शोधार्थियों श्री सौरभ सैनी, आकाश कुमार कमल, अंकित कुमार, कृष्णा कुमार, अभय सचान ने प्रयोगात्मक जानकारी दी। इसके अतिरिक्त वर्ष 2012 में इसी विभाग से प्रशिक्षण प्राप्त किये प्रशिक्षणार्थी श्री चन्दप्रकाश सिंह, कानपुर नगर को भी आमंत्रित किया गया था जो सफलता पूर्वक मशरूम की खेती से लाखों रूपये कमा रहे हैं। उन्होने अपने अनुभव को प्रशिक्षणार्थियों के मध्य साझा किया। सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण मैनुअल भी प्रदान किया गया ताकि भविष्य में उन्हें मशरूम उत्पादन में किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े।
|