हादसे में घायल मजदूर की मौत मचा कोहराम |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। ललपुरा थाना क्षेत्र में अवैध मौरंग खनन के दौरान हुए हादसे में घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मजदूर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया था, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया। शनिवार सुबह जब परिजन शव लेकर गांव पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया मामला ललपुरा थाना क्षेत्र के सहुरापुर गांव का है। यहां रहने वाला 40 वर्षीय रंजीत निषाद मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार शाम सहुरापुर गांव के पास बेतवा नदी में अवैध रूप से मौरंग खनन किया जा रहा था। रंजीत भी मजदूर के रूप में वहां काम कर रहा था। इसी दौरान मौरंग का टीला अचानक ढह गया, जिससे वह दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर में इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई शनिवार सुबह जब परिजन शव लेकर गांव पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन हो रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।