ज्ञापन के जरिए पूर्व सैनिकों के सम्मान और सुरक्षा की गई मांग |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ हमीरपुर। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के राठ जिला हमीरपुर इकाई ने देश में पूर्व सैनिकों के साथ हो रही घटनाओं को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए उपजिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में पूर्व सैनिकों के सम्मान और सुरक्षा की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि उत्तर प्रदेश के झांसी और कानपुर सहित कई स्थानों पर पूर्व सैनिकों के साथ अभद्र व्यवहार और कार्रवाई के मामले सामने आए हैं। वहीं भिंड जिले के मिहोना थाना क्षेत्र में एक घटना में पुलिस द्वारा पूर्व सैनिक सूबेदार मेजर राकेश सिंह राजावत के साथ मारपीट और अभद्र भाषा के प्रयोग का भी आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि इस दौरान उनकी बुजुर्ग माता के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से देश की सेवा कर चुके सैनिकों के सम्मान को ठेस पहुंच रही है और ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। संगठन ने मांग की है कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।