अपर पुलिस अधीक्षक ने यूपी होमगार्ड परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों का किया स्थलीय निरीक्षण |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l अपर पुलिस अधीक्षक जनपद हमीरपुर द्वारा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली यू0पी0 होमगार्ड परीक्षा के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर लगे शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ के साथ बैठक कर चर्चा की गई तथा परीक्षा को निष्पक्ष, सुचारू एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा बाहरी व्यक्तियों की अनावश्यक आवाजाही पर पूर्णतः नियंत्रण रखा जाए। उन्होंने केंद्रों के प्रवेश एवं निकास द्वारों का निरीक्षण कर अभ्यर्थियों के सुगम, व्यवस्थित एवं बिना किसी बाधा के प्रवेश हेतु समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, यह भी कहा गया कि प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री परीक्षा केंद्र के भीतर न ले जाई जा सके।
निगरानी तंत्र का भी जायजा लिया गया, जिसमें सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम से निगरानी की व्यवस्था तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह की स्थिति उत्पन्न न होने पाए तथा यदि कोई संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो उस पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन तथा भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया, जिससे परीक्षा का वातावरण पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं अनुशासित बना रहे।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा, सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए।