22 मई से 20 जून 2026 तक घर घर सर्वेक्षण अभियान |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं गणना के अंतर्गत जनपद हमीरपुर में 7 मई से 21 मई 2026 तक स्वगणना अभियान संचालित किया जाएगा, जबकि 22 मई से 20 जून 2026 तक घर-घर सर्वेक्षण का कार्य किया जाएगा। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु विस्तृत डे-वार कार्ययोजना तैयार कर सभी विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वगणना एक डिजिटल एवं आधुनिक पहल है, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल में अपने मकान एवं परिवार से संबंधित विवरण दर्ज कर सकते हैं। फॉर्म पूर्ण करने के उपरांत 11 अंकों की स्व-गणना पहचान संख्या प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है, ताकि प्रगणक द्वारा सत्यापन के समय इसका उपयोग किया जा सके। यह प्रक्रिया न केवल समय की बचत करती है, बल्कि आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता भी सुनिश्चित करती है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी डे-वार प्लान के अनुसार अभियान को विभिन्न वर्गों एवं संस्थानों के माध्यम से व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा। 7 मई को राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों/जनप्रतिनिधियों, 8 मई को स्थानीय निकाय एवं ग्रामीण विकास संस्थाओं, 9 मई को युवा, खेल एवं मीडिया संस्थानों, 10 मई को शहरी क्षेत्रों एवं आवासीय समूहों, 11 मई को न्यायिक संस्थानों, 12 मई को पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों, 13 मई को केन्द्रीय कार्यालयों एवं वित्तीय संस्थानों, 14 मई को शिक्षा संस्थानों, 15 मई को स्वास्थ्य विभाग, 16 मई को उद्योग एवं परिवहन क्षेत्र, 17 मई को महिला एवं स्वयं सहायता समूह, 18 मई को विशेष आवश्यकता वर्ग हेतु डिजिटल सहायता केंद्र, 19 मई को वर्क-फ्रॉम-होम,ऑनलाइन कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा 20 मई को विशेष वर्गों के माध्यम से स्वगणना को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए इस अभियान को जनपद में सफल बनाएं।