अखिलेश यादव के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट पर कार्रवाई की मांग
सपा नेताओं ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विरुद्ध सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के मामले में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक हमीरपुर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष इदरीश खान के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति द्वारा फेसबुक पर अखिलेश यादव के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक, अमर्यादित एवं भ्रामक पोस्ट पर कड़ी आपत्ति जताई। ज्ञापन के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच कर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष इदरीश खान ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक दल के शीर्ष नेतृत्व के विरुद्ध अभद्र एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित करना सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है और कानून के दायरे में रहते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई चाहती है।
ज्ञापन में मांग की गई कि सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
इस अवसर पर शुभकरण सिंह परिहार, ज्ञान सिंह यादव, रामप्रकाश प्रजापति, शिवशरण यादव, नन्दकिशोर शिवहरे, कुलदीप शुक्ला, संजय यादव, माया वाल्मीकि, मिस्बाहुल हसन, युगांक मिश्रा, राघवेन्द्र यादव, रिजवान खान, सैयद उमर, सौरभ यादव, राजेश सविता, विवेक यादव, सुनील दीक्षित, बीटू यादव, मोहम्मद सलीम सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।