उपमुख्यमंत्री ने दो हिंदुजा मोबाइल हेल्थ यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
-पी. डी. हिंदुजा अस्पताल ने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ की साझेदारी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | पी. डी. हिंदुजा अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर और उत्तर प्रदेश सरकार के स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन (एसटीसी-यूपी) ने राज्य के 35 जिलों में मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए साझेदारी की है। इस कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ब्रजेश पाठक ने की।लखनऊ स्थित राम प्रकाश गुप्ता मातृत्व एवं शिशु राज्य रेफरल अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पूरी तरह सुसज्जित दो हिंदुजा मोबाइल हेल्थ यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रशिक्षित चिकित्सकीय एवं तकनीकी टीमों से लैस ये मोबाइल यूनिट्स मौके पर ही जांच, परामर्श और जरूरत पड़ने पर रेफरल सहायता उपलब्ध कराएंगी। कार्यक्रम का मुख्य फोकस दो प्रमुख लाभार्थी समूहों पर रहेगा। पहला ‘मातृशक्ति’, जिसमें मुख्यमंत्री मातृत्व सुरक्षा संकल्प योजना के तहत गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाएं शामिल हैं। दूसरा ‘युवा’, जिसके तहत 13 से 19 वर्ष आयु के किशोर-किशोरियों को सरकारी एवं सहायता प्राप्त स्कूलों तथा सामुदायिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम पी. डी. हिंदुजा अस्पताल की राष्ट्रीय स्वास्थ्य पहल ‘सेविंग लाइव्स. बिल्डिंग ए हेल्दीयर भारत’ का हिस्सा है। अशोक पी. हिंदुजा, चेयरमैन, पी. डी. हिंदुजा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर ने कहा, “जब हमने अपनी ७५वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘जीवन बचाना, स्वस्थ भारत का निर्माण’ पहल शुरू की थी, तब हमने यह संकल्प लिया था कि पी. डी. हिंदुजा अस्पताल के अनुभव और विशेषज्ञता को अस्पताल की चारदीवारी से बाहर निकालकर देशभर के समुदायों तक पहुँचाया जाएगा। हमारी यह पहल वर्ष २०४७ तक एक स्वस्थ और समृद्ध ‘विकसित भारत’ के निर्माण के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में यह पहल हमारे संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सहयोग के माध्यम से हम माताओं और किशोरों के स्वास्थ्य एवं देखभाल को बेहतर बनाने के लिए राज्य के स्वास्थ्य ढाँचे और प्रयासों को सशक्त बनाने तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने की आशा करते हैं। हम उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आभारी हैं कि उन्होंने हमें इस महत्वपूर्ण पहल को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान किया।”इस साझेदारी के माध्यम से पी. डी. हिंदुजा अस्पताल और उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य राज्यभर में मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाना, समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को मजबूत करना है।