दबंग ने सरेआम दो युवकों का गला रेतकर हत्या का किया प्रयास
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l शहर के विद्या मंदिर मार्ग पर सोमवार की देर रात युवकों में मारपीट के बाद चाकूबाजी हो गई। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से एक युवक की गर्दन चाकू के वार से कट गई है, जिसे लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को कानपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने दो युवकों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। शहर के किंग रोड बीज गोदाम निवासी मोहम्मद सैफ अपने साथी उवैस के साथ सोमवार की रात करीब 11 बजे के आसपास श्री विद्या मंदिर रोड से जा रहा था।तभी उनका किंग रोड निवासी शहजाद उर्फ बउआ और रमेड़ी मांझखोर निवासी टिंकू प्रजापति से सामना हो गया। जिसके बाद दोनों तरफ से कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान दोनों गुट एक दूसरे पर टूट पड़े और मारपीट के साथ चाकूबाजी शुरू हो गई। जिसमें उवैस चाकू लगने से लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। सैफ के भी सिर और चेहरे में चोटे आई हैं। दोनों घायलों को देर रात इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उवैस को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है। घायल सैफ के पिता शकील खां ने शहजाद उर्फ बउआ और टिंकू प्रजापति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।कोतवाल रामआसरे सरोज का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।