लोकसभा अध्यक्ष ने सांसद को आवास समिति का सदस्य किया नियुक्त, भाजपाइयों में हर्ष
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। कानपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश अवस्थी को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद को हाउसिंग कमेटी (आवास समिति) का सदस्य नियुक्त किया। सांसद को मिली इस जिम्मेदारी से कानपुर के विकास और जनप्रतिनिधित्व को संसद की एक महत्वपूर्ण समिति में नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।आवास समिति संसद की महत्वपूर्ण समितियों में शामिल है, जो सांसदों के आवास से जुड़े विभिन्न मामलों, सुविधाओं तथा संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा और निगरानी करती है। समिति के माध्यम से सांसदों से जुड़े आवासीय एवं प्रशासनिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाता है।सांसद रमेश अवस्थी की नियुक्ति को उनके समर्थकों और शहर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपलब्धि बताया है। समर्थकों का कहना है कि संसद की समिति में सदस्य के रूप में उन्हें जिम्मेदारी मिलने से उन्हें संसदीय कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। सांसद ने इस जिम्मेदारी के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, वह मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ निर्वहन करेंगे। शहर की आवाज को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र की जनता से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से सदन तक पहुंचाने के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
|