अंबेडकर पार्क में आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का हुआ समापन
-महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद सहित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अंबेडकर पार्क, हमीरपुर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी के अंतिम दिन आज उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष (राज्य मंत्री स्तर) श्रीमती कमलावती सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती शकुंतला निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं जनपदीय स्तरीय अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा उपलब्धियों को चित्रों, पोस्टरों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों एवं प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन करते हुए योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष श्रीमती कमलावती सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की विकास प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में प्रदर्शित जानकारी आमजन के लिए उपयोगी एवं फलदायी है और अधिक से अधिक लोगों को इसका अवलोकन करना चाहिए, ताकि वे अपने लिए संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ उठा सकें।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती शकुंतला निषाद ने भी प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न वर्षों में किए गए प्रमुख कार्यों, योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी लोगों को सरकार की योजनाओं और उनके माध्यम से हुए विकास कार्यों को समझने का अवसर प्रदान करती है।
जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार ने प्रदर्शनी का अवलोकन कराने के दौरान विभिन्न विभागों एवं योजनाओं से संबंधित प्रदर्शित सामग्री के बारे में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में कृषि, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण एवं शहरी विकास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना है।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी इंद्रपाल सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नरेंद्र बहादुर सिंह, जिला दिव्यांग जनशक्तिकरण अधिकारी अमित सोनकर, क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हमीरपुर हेमराज सिंह, इंवेस्ट यूपी के प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य जनपदीय स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।