मिशन शक्ति फेज-6 के तहत जीजीआईसी हमीरपुर में कैरियर गाइडेंस मेला एवं सम्मान समारोह आयोजित
-जिलाधिकारी अशोक कुमार ने फीता काटकर किया शुभारंभ, मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हमीरपुर में कैरियर गाइडेंस मेला एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से अपने लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया।
कैरियर मार्गदर्शन स्टालों का किया अवलोकन, पंख पोर्टल की उपयोगिता बताई
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में लगाए गए कैरियर काउंसलिंग स्टालों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए मॉडल और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने पंख पोर्टल कॉर्नर का भी निरीक्षण किया तथा छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के लिए वहां सेल्फी ली। उन्होंने बताया कि पंख पोर्टल के माध्यम से छात्राएं उच्च शिक्षा, विभिन्न पाठ्यक्रमों तथा कैरियर के विकल्पों से संबंधित उपयोगी जानकारी प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध संसाधनों का लाभ उठाकर अपने भविष्य की योजनाएं बनाने के लिए प्रेरित किया।
खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं सम्मानित
समारोह में विभिन्न खेलकूद एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को जिलाधिकारी ने सम्मानित किया। 100 मीटर दौड़ में प्रतिभा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुलोचना ने 100 मीटर बाधा दौड़ एवं त्रिकूद में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्रतिज्ञा ने 800 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री जीजीआईसी की प्रियंका गोला फेंक प्रतियोगिता में प्रथम रहीं। जूनियर वर्ग में निशु ने 1500 मीटर एवं 3000 मीटर दौड़ में प्रथम तथा 800 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नंदिनी ने 3000 मीटर दौड़ में द्वितीय, साबरीन ने 100 मीटर बाधा दौड़ में प्रथम तथा जूनियर वर्ग की साक्षी ने 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल किया। तवा फेंक प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली छात्राओं रिंकी, पिंकी, स्नेहा खरे, दिव्यांशी, अनुष्का, अलशिफा, अंशिका अनुरागी, आकांक्षा चौधरी, सौम्या कुठार, ईशा एवं नव्या गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाती हैं।
बालिकाओं की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें शिक्षक, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगा सहयोग
छात्राओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शारदीय नवरात्रि का पावन अवसर नारी शक्ति, सम्मान और सामर्थ्य का संदेश देता है। आज बालिकाएं सिविल सेवा, सेना, पुलिस, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, अनुसंधान सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और योग्यता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने छात्राओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अध्ययन करने तथा कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्देशित किया कि छात्राओं की पढ़ाई एवं शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को जेईई, नीट एवं प्रशासनिक सेवाओं जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन की आवश्यकता होने पर जिला प्रशासन तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से विशेष मार्गदर्शन कक्षाओं एवं कोचिंग की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि छात्राओं को बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें और वे अपने लक्ष्य प्राप्त कर सकें।
जन्म प्रमाण पत्र को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित विषयों पर भी छात्राओं एवं शिक्षकों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेलकूद एवं अन्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं के उपलब्ध पुराने जन्म प्रमाण पत्रों की वैधता एवं स्वीकार्यता संबंधित नियमों के अनुसार सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया कि जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरणों में अनावश्यक असुविधा न हो तथा नियमानुसार उपलब्ध अभिलेखों को स्वीकार करने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी देते हुए अभिभावकों से अपील की कि बच्चों का जन्म पंजीकरण समय से कराएं, जिससे भविष्य में विद्यालय में प्रवेश, खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं अन्य आवश्यक कार्यों में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। विलंब से पंजीकरण के मामलों में नियमानुसार सक्षम प्राधिकारी अथवा न्यायालय के आदेश की आवश्यकता हो सकती है।
कार्यक्रम में अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सरस्वती देवी, शिक्षिका मीना पांडे, शिक्षक अमित दक्ष तथा मनीष संचालक, पेटू अड्डा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन छात्राओं की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों यथा नेपाली लोक गीत, नुक्कड़ नाटक एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।