नशाखोरी की खबर दिखाने पर मीडियाकर्मियों की गिरफ्तारी से आक्रोश, डीएम को सौंपा ज्ञापन
-मामला कन्नौज कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर पत्रकारों द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन का
-बोले पत्रकार साथी,चौथे स्तंभ पर हमला बर्दाश्त नहीं,निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों पर हो कार्यवाही
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।
हरियाणा में नशाखोरी की गंभीर समस्या को उजागर करने पर टीवी चैनल के प्रधान संपादक एवं महिला पत्रकार सहित अन्य मीडियाकर्मियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।इस घटना को लेकर स्थानीय पत्रकारों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। पत्रकारों ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला करार देते हुए बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।मामले को लेकर पत्रकारों ने बताया कि हरियाणा में तेजी से पैर पसार रही नशाखोरी के खिलाफ 'लिविंग इंडिया' एवं 'हिन्दी खबर' न्यूज चैनल द्वारा खबर प्रसारित की गई थी।इसी संदर्भ में चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल सहित चार मीडियाकर्मियों को हरियाणा पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया,जिनमें एक महिला पत्रकार भी शामिल हैं।पत्रकारों ने कहा कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 19(1)(क) अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी देता है।नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जनहित में आवाज उठाना और सच्चाई को सामने लाना पत्रकारिता का मुख्य दायित्व है।यदि किसी प्रसारण अथवा समाचार पर कोई विधिक आपत्ति थी,तो उसका समाधान पारदर्शी व विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत किया जाना चाहिए था।पत्रकारों को उनके पेशेवर कार्य के चलते प्रताड़ित करना और उनकी आवाज दबाने की कोशिश करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।पत्रकारों ने ज्ञापन के माध्यम से अपनी मांगें भी रखीं।'लिविंग इंडिया' व 'हिन्दी खबर' न्यूज चैनल के संपादकों एवं महिला पत्रकार को हिरासत में लिए जाने के पूरे प्रकरण की समयबद्ध, स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए।जांच की जाए कि क्या यह कार्रवाई नशाखोरी के मुद्दे पर खबर चलाने के कारण दुर्भावनापूर्ण मंशा से की गई है;यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित दोषी अधिकारियों एवं व्यक्तियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।देश भर में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और निष्पक्ष पत्रकारिता के दौरान मीडियाकर्मियों को डराने-धमकाने व प्रताड़ित करने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से रहीश खान,सुनील कुमार,राजेंद्र सिंह,आदित्य मिश्रा (महामंत्री), प्रभात शुक्ला,अमित राजपूत,सुरजीत कुशवाहा,विकास कुशवाहा,सुशील कुमार, प्रभात,शिवसिंह यादव,रंजीत ठाकुर,रंजीत पाल, सुनील,नईम खान,पंकज,मुजीब खान, पुष्कर शर्मा,बिट्टू मिश्रा,ऋषि सहित भारी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।