13 साल से चकरोड पर कब्जा,न्याय की आस में पानी की टंकी पर चढ़े 77 वर्षीय बुजुर्ग
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।छिबरामऊ तहसील के ग्राम बेहटा में सार्वजनिक चकरोड पर कथित अवैध कब्जे से परेशान 77 वर्षीय बुजुर्ग रतिराम पानी की टंकी पर चढ़ गए।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार अवनीश कुमार और सीओ सिटी सुरेश कुमार विकास भवन परिसर पहुंचे। अधिकारियों ने बुजुर्ग से बातचीत कर उसकी समस्या सुनी और कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।रतिराम का आरोप है कि गांव के सार्वजनिक चकरोड पर पिछले 13 वर्षों से कब्जा होने के कारण उन्हें और अन्य ग्रामीणों को खेतों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि रास्ता खुलवाने के लिए लेखपाल से लेकर तहसील और जिला प्रशासन तक कई बार शिकायत की,लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।ग्रामीणों ने भी राजस्व विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद रास्ते से कब्जा हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।लंबे समय से समस्या का समाधान न होने से नाराज बुजुर्ग ने चेतावनी दी कि चकरोड से जल्द कब्जा नहीं हटाया गया तो वह कड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे।घटना ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।