17 एवं 24 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैम्प,
-18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा एवं पात्र नागरिक मतदाता सूची में दर्ज कराएं अपना नाम- जिलाधिकारी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद की दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 228-हमीरपुर एवं 229-राठ (अ०जा०) में निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण एवं अद्यतन के अंतर्गत पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में आगामी 17 अक्टूबर एवं 24 अक्टूबर, 2026 को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने जनपद के सभी अर्ह नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं प्रथम बार मतदाता बनने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे इन कैम्पों में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूर्ण करें।
विशेष कैम्प के दौरान प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। नागरिकों की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही बीएलओ के पास नए मतदाताओं के पंजीकरण हेतु फार्म-6, अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली तथा पूरक सूचियां उपलब्ध रहेंगी, ताकि नागरिक मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ ही आवश्यक आवेदन भी कर सकें।
मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए पात्र नागरिक निर्धारित आवेदन पत्र के साथ अपनी नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, आयु एवं निवास से संबंधित आवश्यक दस्तावेज तथा उनकी स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां लेकर आएं। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध होने पर उसका विवरण भी साथ रखना सुविधाजनक रहेगा। आवेदन एवं दस्तावेजों के संबंध में सहायता प्राप्त करने के लिए नागरिक अपने मतदान केंद्र पर उपस्थित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
जो नागरिक मतदान केंद्र पर जाकर आवेदन नहीं कर सकते, वे भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.inअथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नए मतदाता के पंजीकरण के लिए फार्म-6, निर्वाचक नामावली से नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा प्रविष्टियों में संशोधन अथवा नियमानुसार अन्य संबंधित सेवाओं के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन करते समय सभी विवरण सही-सही भरें तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन संख्या सुरक्षित रखें, जिससे आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सके।
जिलाधिकारी ने समस्त ग्राम प्रधानों, सभासदों एवं स्वयंसेवकों से भी अपील की है कि वे विशेष कैम्पों के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करें और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान के अधिकार के प्रयोग की पहली और आवश्यक कड़ी है। अतः सभी पात्र नागरिक 17 एवं 24 अक्टूबर को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर विशेष कैम्प का लाभ उठाएं तथा यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज हो।