कन्नौज पुलिस की पहल से 450 परिवारों में लौटी खुशियां:सुलह करने वाले परिवारों को एसपी ने किया सम्मानित
-मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत परिवार परामर्श केंद्र की पहल,एसपी ने प्रशस्तिपत्र देकर बढ़ाया हौसला
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।पारिवारिक विवादों को सुलह-समझौते से सुलझाकर टूटते रिश्तों को बचाने की दिशा में कन्नौज पुलिस की पहल रंग ला रही है। जनवरी 2026 से अब तक परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से 450 से अधिक परिवारों में समझौता कराया गया है।शुक्रवार को मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला थाने में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने ऐसे परिवारों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।इस दौरान एसपी ने परिवारों से संवाद कर समझौते के बाद उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली और उनका अनुभव जाना। उन्होंने कहा कि आपसी संवाद, विश्वास, समझदारी और सहयोग सुखी पारिवारिक जीवन का आधार हैं।उन्होंने सभी परिवारों को आपसी सामंजस्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में एएसपी अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी लाइन शिल्पा वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।कन्नौज पुलिस के अनुसार, परिवार परामर्श केंद्र एवं मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराया जा रहा है। इससे परिवारों को बिखरने से बचाने के साथ समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने में भी मदद मिल रही है।पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक विवादों के संवेदनशील समाधान के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।