डिप्टी सीएम का विपक्ष पर हमला, बोले- सपा ने खोई जमीन, यूपी में फिर बनेगी भाजपा सरकार
- कानून-व्यवस्था और गरीब कल्याण योजनाओं के दम पर होगी वापसी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्षी दलों, विशेषकर सपा और इंडी गठबंधन पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के बीच अपनी राजनीतिक जमीन पूरी तरह खो चुकी है और बौखलाहट में अनर्गल बयानबाजी कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी गठबंधन पर बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की भावना को दरकिनार करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया।डिप्टी सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दलों का चरित्र जगजाहिर है। जब ये चुनाव जीतते हैं, तो इन्हें व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त नजर आती हैं, लेकिन जैसे ही जनता इन्हें नकार देती है, ये ईवीएम और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब इनकी दोहरी राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है और इन्हें पूरी तरह खारिज कर चुकी है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं और प्रदेश सरकार के जीरो टॉलरेंस नीति वाले सख्त कानून-राज के साथ मजबूती से खड़ी है। सड़कों पर उमड़ रहे जनसैलाब का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता के अपार स्नेह और विश्वास के बल पर भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक और प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करने जा रही है।