मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2200 किलो संदिग्ध खोया नष्ट
*फिरोजाबाद और इटावा से बिक्री के लिए लाया जा रहा था खोया, जांच के लिए तीन नमूने संग्रहित*
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।दीपावली एवं आगामी पर्वों के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2200 किलोग्राम संदिग्ध एवं दूषित खोया नष्ट कराया। फिरोजाबाद और इटावा से कानपुर बिक्री के लिए लाया जा रहा खोया अस्वच्छ परिस्थितियों में परिवहन होता पाया गया। निरीक्षण में दुर्गंध एवं संदूषण के लक्षण मिलने पर विभागीय टीम ने तीन नमूने संग्रहित कर शेष खोये को कल्याणपुर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट पर विनष्ट कराया।
*भौती मोड़ पर 1150 किलो खोया पकड़ा
प्राप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भौती मोड़ पर महिंद्रा पिकअप संख्या यूपी 75 सीटी 0633 को रोककर जांच की। वाहन में 29 बोरियों में लगभग 1150 किलोग्राम खोया मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 4.06 लाख रुपये थी। मौके पर उपस्थित आनंद पुत्र मान सिंह एवं कप्तान सिंह ने खोया नगला मानसुख, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद से लाए जाने की जानकारी दी। खोया गंदी बोरियों में खुले वाहन से लाया जा रहा था तथा उसमें दुर्गंध आ रही थी। टीम ने दो नमूने संग्रहित कर शेष खोया नष्ट कराया।
*इटावा से लाया गया 1050 किलो खोया भी नष्ट*
दूसरी कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री सोमनाथ कुशवाहा एवं डॉ. देवेंद्र सिंह आजाद ने एक छोटे मालवाहक वाहन से लगभग 1050 किलोग्राम खोया पकड़ा। इसकी अनुमानित कीमत 3.67 लाख रुपये थी। मौके पर उपस्थित धर्मेंद्र कुमार निवासी बिरारी, इटावा ने बताया कि खोया वीरेंद्र पुत्र दुर्जन लाल का है, जिसे कानपुर बिक्री के लिए लाया जा रहा था। अस्वच्छ परिस्थितियों एवं बिना तापमान नियंत्रण के परिवहन के कारण खोये में दुर्गंध पाई गई। टीम ने एक नमूना संग्रहित कर शेष खोया नष्ट कराया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) श्री संजय प्रताप सिंह ने बताया कि पर्वों के दृष्टिगत मिलावटखोरों के विरुद्ध विशेष अभियान जारी है। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। संग्रहित नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।