बाल दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय साहित्य परिषद के तत्वावधान में आयोजित हुआ बुंदेली कवि सम्मेलन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर, हमीरपुर। बाल दिवस पर आज शनिवार को अखिल भारतीय साहित्य परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में ग्राम इंगोहटा स्थिति रुक्मणी बालिका विद्यालय प्रांगण में भगवान विश्वकर्मा जी का हवन पूजन किया गया। प्राक लोकमंथन के तहत बुन्देली कवि सम्मेलन, बुन्देली लोक गायन, देवीगीत के साथ वार्षिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। रुक्मिणी बालिका विद्यालय की बालिकाओं ने माँ सरस्वती की वन्दना की और स्वागत गीत गाया। इस अवसर पर सारस्वत सम्मान कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ हरीश दीक्षित अध्यक्ष कानपुर आर्यन रोटरी क्लब एवं निदेशक एस पी एम हॉस्पिटल एवं एस के संस्थान तथा विशिष्ट अतिथि डॉ महेश पाण्डेय बजरंग प्रदेश महामंत्री अखिल भारतीय साहित्य परिषद उत्तर प्रदेश रहे। कार्यक्रम का संचालन कैलाश प्रसाद सोनी ने किया। कार्यक्रम के संयोजक कवि हरीराम गुप्त निरपेक्ष ने कार्यक्रम के आयोजक कामता प्रसाद विश्वकर्मा द्वारा रचित भगवान विश्वकर्मा की वन्दना प्रस्तुत करने के साथ ही स्वरचित देवी गीत प्रस्तुत किया। आयोजक संस्था के जिलाध्यक्ष लखनलाल जोशी ने पढ़ा मैं हूं एक अंधेरे पथ का, जलता दिया हूं अथ का, चाहे जितनी चले बयार, मुझे परवाह नहीं है। बुंदेलखंड अभिव्यक्ति साहित्यिक संस्था के संस्थापक नारायण प्रसाद तिवारी रसिक ने पढ़ा जिनके आचरण में सच्चाई नहीं होती, बौना होता है
वह ऊंचाई नहीं होती। गीतों के राजकुमार नाथूराम पथिक ने पढ़ा हाथी घोड़ा ऊँट निगोड़ा, ये वजीर है वो शहजादा, हाँ जी हाँ जी वाला प्यादा। बेच रहा है उस नुक्कड़ पर कलुआ औने पौने, ये राजनीति वंशंज हैं समझो नहीं खिलौने। जगदीश चन्द्र जोशी निवादा ने पढ़ा खोई हुई अस्मिता को हम फिर से वापस लाएंगे, विश्व गुरु था भारत पहले, फिर से गुरु बनायेंगे। सन्तोष कुमार पटेरिया महोबा ने पढ़ा निकरी ती अथैया से, कसाई देखें जैसे गईया हां, लाज तौल रमे पईसा की तखटिया में, आग लगा जाय ऐसी नजरिया में ।शिवकरण सिंह सरस सुरौली बुजुर्ग ने पढ़ा जगो नौनिहालों वतन रो रहा है, विदेशी नकल का कमल खिल रहा है। गणेश सिंह विद्यार्थी ने पढ़ा फ़र्ज़ सिर्फ इतना सा निभाते चलो, दीप अमृत आज़ादी के जलाते चलो। साज़िशें लेकर आएंगी आँधियाँ, आँख तूफानों को दिखाते चलो।। ओमप्रकाश तिवारी राजू पंडित महोबा ने पढ़ा बुंदेलखंड में बुंदेलों ने किया प्रकृति का दोहन, खनिज सम्पदा खोद बेच कर खूब कमाया है धन। बालकिशुन जोशी चंचल राठ ने पढ़ा जिंदगी के इस सफर में साथी तेरा साथ चाहिए। वीर रस के कवि कुलदीप गुप्ता ने पढ़ा विश्व गगन पर फिर से गूंजे भारत मां की जय जय, शूल करेंगे रण चढ़ेंगे बढ़ते जाएं हो निर्भय निर्भय। वीर रस के कवि रेवती कुमार पाठक शेखर मौदहा ने पढ़ा आन बान रखवाले सुयश बढ़ाने वाले, राष्ट्र प्रेम मतवाले भक्तों को नमन है। नीतिराज सिंह सुरौली बुजुर्ग ने पढ़ा तम घुटन की कैद से आजाद होती जा रही हैं, बेटियां उन्मुक्त हो अम्बर में छाती जा रही हैं। हास्य कवि दिनेश दुबे घाटमपुर ने पढ़ा अब तो सहमा सहमा हर इंसान नजर आता है, छोटा सा अंधड़ भी तूफान नजर आता है। कमलेश सिंह गौर ने पढ़ा संकरी खोलके जागेव मोहिका दीनहेव दोष न बाद मा, सैयाँ तुम्हरे संघे भगिहों आजे आधी रात मा। गजेन्द्र नारायण दीक्षित मोक्ष ने पढ़ा जगह जगह फैक्ट्री बने, होय विविध निर्मान, जय होवे प्रभु आपकी, विश्वकर्मा भगवान। अवधेश साहू बेचैन हमीरपुर ने पढ़ा हिंदुस्तान ने रखा पैर जब, चाँद भी शरमा गया। संगीता गुप्ता कुरारा ने पढ़ा कितनी मुश्किलों से गुजरती है बेटियाँ, जीने के लिए रोज ही मरती हैं बेटियों। गीता ओमर सुमेरपुर ने पढ़ा बिक रहा है पानी, पवन बिक ना जाए, बिक गई है धरती, गगन बिक ना जाए। हरीकिशन सेन ने पढ़ा गर्भ में लेती इक नन्हीं सी बेटी मां को रही पुकार, मेरी प्यारी मम्मी मेरी हत्या न करना, गलत है ये व्यवहार पाप ये बहुत बड़ा है, बेटी रत्नों का घड़ा है। रामभूषण ने पढ़ा पढ़ रही हैं बेटियां, आगे बढ़ रही हैं बेटियां। बीरेंद्र कुमार शजर ने ग़ज़ल पढ़ी बिछाए गए हैं नए जाल इतने, छतों से परिन्दे उड़ाए गए हैं। दोहा सम्राट कमल किशोर कमल ने कई रोचक दोहा पढ़े। कीर्तिमान विश्वकर्मा, सन्तोष कुमार माधव एवं कैलाश सोनी मृदुल ने भी प्रभावी काव्य पाठ किया। अंत में कार्यक्रम के आयोजक कामता प्रसाद विश्वकर्मा ने लोकगीत सुनाया और सभी उपस्थित जनों को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के दौरान रुक्मिणी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने कई मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान बीच बीच में अतिथियों, कवियों एवं भजन एवं कीर्तंनकारों में रामप्रकाश संगीताचार्य, रावेंद्र विश्वकर्मा, जगदीश यादव, प्रमोद यादव, चन्दन विश्वकर्मा का संयोजक हरीराम गुप्त निरपेक्ष ने सम्मान किया।
|