डीएम-एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनीं फरियादियों की शिकायतें,समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण के दिए निर्देश
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं एसपी विनोद कुमार की संयुक्त मौजूदगी में थाना सकरावा में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डीएम ने राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्षता, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए। राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े संयुक्त मामलों में दोनों विभागों की टीमें आपसी समन्वय बनाकर मौके पर पहुंचें और समस्या का समाधान कराएं, जिससे पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों और थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।वहीं एसपी विनोद कुमार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने और पीड़ितों के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक मामले में की गई कार्रवाई की समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।