मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को, चार दिन चलेगा विशेष अभियान
*21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, मतदाताओं की सहायता के लिए बनेंगे हेल्प डेस्क
*जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अपील, सभी पात्र मतदाता अपना नाम अवश्य जुड़वाएं*
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया गया है। इसके अंतर्गत 17 नवंबर को मतदाता सूची के एकीकृत आलेख्य का प्रकाशन किया जाएगा। मतदाता 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन चारों तिथियों में सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। उनके पास निर्वाचक नामावली एवं आवश्यक आवेदन पत्र उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक मतदेय स्थल पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां मतदाताओं को आवेदन पत्र भरने में सहायता प्रदान की जाएगी।
विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के इच्छुक पात्र व्यक्ति अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रति लेकर आ सकते हैं। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र उपलब्ध होने पर उसकी संख्या भी साथ लाना उपयोगी होगा।
*नाम जोड़ने के लिए फार्म-6, संशोधन के लिए फार्म-8
निर्वाचक नामावली में नया नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, मृतक अथवा अन्य कारणों से नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता के विवरण में संशोधन या निवास स्थान परिवर्तन के लिए फार्म-8 भरना होगा। संबंधित आवेदन पत्र बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे।
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होगा।
*प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में होना आवश्यक : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपने बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना तथा परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम दर्ज होने की पुष्टि अवश्य कर लें। जिन पात्र व्यक्तियों का नाम सूची में नहीं है, वे फार्म-6 भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन करें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है और इसके लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से विशेष अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।