अधिवक्ता हत्याकांड में फरार आरोपी पिता-पुत्री गिरफ्तार,पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार किया बरामद
-मामला कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली नगर क्षेत्र में दीवाली की सायं अधिवक्ता हत्याकांड का
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ संदीप शर्मा
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस तिर्वा संवाददाता।दीवाली की सायं विवाद के दौरान अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में फरार आरोपी कांग्रेस नेता के पिता और बेटी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।पुलिस ने फरार आरोपी के पास से बंदूक,तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।बताते चलें कि कोतवाली छिबरामऊ नगर के ककराई मोहल्ले के निवासी अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी पुत्र गणेश शंकर चतुर्वेदी और कांग्रेस के जिला महासचिव अमोल दीक्षित के बीच मध्य दीवाली की सायं विवाद हो गया था। अनुज के चचेरे भाई बसंत को कांग्रेस नेता द्वारा थप्पड़ मारने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।जिसकी कहासुनी करने अनुज कांग्रेस नेता अमोल के यहां गए थे।यहां कोयला वाली गली में अधिवक्ता और कांग्रेस नेता के बीच कहासुनी और विवाद के दौरान कांग्रेस नेता ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अनुज पर फायरिंग कर दी थी।हमले में अनुज को चार गोलियां लगने की बात सामने आई थी।गंभीर रूप से घायल अनुज को स्थानीय अस्पताल ले जाए जाने पर डाक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी थी।घटना के बाद जान परिजनों में कोहराम मच गया था वहीं आरोपी कांग्रेस नेता परिजनों के साथ घर पर ताला डालकर फरार हो गये थे।मामले का मुकदमा मृतक के परिजन की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी कांग्रेस नेता,उनके पिता अवध बिहारी,मां मुन्नी देवी के खिलाफ दर्ज किया था।हत्याकांड में पुलिस ने विवेचना में अमोल दीक्षित की 18 वर्षीय बेटी का नाम भी सामने आने पर उसे भी घटनाक्रम का आरोपी बनाया था।मामले में पुलिस ने विगत दिन आरोपी कांग्रेस नेता की मां को गिरफ्तार किया था। इसके बाद कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित को असलहा और कारतूस के साथ गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।कार्यवाही की आगे बढ़ती कड़ी में आरोपी नेता के घर बुलडोजर भी चला था।मामले में फरार नेता के आरोपी पिता और बेटी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की छापेमारी जारी थी।शनिवार की दोपहर एक बजे के करीब आखिर पुलिस ने फरार आरोपी अवध बिहारी निवासी मोहल्ला इब्राहिमगंज छिबरामऊ को पश्चिमी बाई पास के पास से गिरफ्तार कर लिया। अवध बिहारी के पास से पुलिस ने एक लाइसेंसी बंदूक,12 बोर के 12 कारतूस,315 बोर का तमंचा, पांच कारतूस के अलावा 7.65 एमएम के 20 कारतूस भी बरामद किए हैं।हत्याकांड की विवेचना में मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित की 18 वर्षीय बेटी उन्नति का नाम आने पर पुलिस ने उसे भी इब्राहिमगंज में जी टी रोड के पास से गिरफ्तार किया है।कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया है।