अवैध खनन व ओवरलोडिंग के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई, 12 वाहन सीज
-जिलाधिकारी के निर्देश पर टास्क फोर्स ने की औचक जांच, लगभग सात लाख रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर एवं निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में संयुक्त टास्क फोर्स ने बालू, मोरम एवं गिट्टी लदे वाहनों की औचक जांच की। इस दौरान अनियमितताएं मिलने पर 12 वाहनों का चालान कर उन्हें संबंधित थानों में सीज कराया गया।
संयुक्त जांच अभियान में ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह , सहायक पुलिस आयुक्त नौबस्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ), खनन अधिकारी एवं स्थानीय पुलिस बल शामिल रहा। जांच के दौरान 12 वाहन ओवरलोडिंग अथवा वैध परिवहन प्रपत्रों के अभाव में संचालित पाए गए। संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से खनिज विभाग को लगभग सात लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है।
जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।