एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा,डीसीएम चालक की मौत, कार सवार चार लोग घायल
-मामला कन्नौज जिले के अंतर्गत लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर तालग्राम थाना क्षेत्र के 170 माइल स्टोन के निकट सोमवार की सुबह का
-तिर्वा मेडिकल कॉलेज में डीसीएम चालक की डाक्टरों ने की मौत की पुष्टि
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर सोमवार की सुबह हादसा हो गया। सुबह चार बजे के करीब घटित दुर्घटना में एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 170 के निकट एक डीसीएम आगे चल रहे किसी वाहन से टकरा गई। पीछे से आ रहा एक ट्रक भी असंतुलन के कारण दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गया। इस दौरान निकट से गुजर रही एक कार भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की चपेट में आ गई।चंद मिनटों में एक एक कर वाहनों की भिड़ंत के दौरान डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, मेडिकल कॉलेज लाए जाने पर डीसीएम चालक की डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। हादसे की चपेट में आए कार सवार चार घायल लोगों को उपचार के बाद गंतव्य को रवाना कर दिया गया।जानकारी के मुताबिक एक्सप्रेस वे पर तालग्राम थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए हादसे की सूचना पर यूपीडा टीम, थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। हाइड्रा और रिकवरी क्रेन की मदद से राहत कार्य करते हुए डीसीएम की केबिन में फंसे चालक 45 वर्षीय अवधेश पुत्र महावीर निवासी सौथरा वरनेहाल जिला मैनपुरी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भेजा गया।यहां डाक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी।जानकारी के मुताबिक डीसीएम चालक डीसीएम पर सरसों का तेल लाद कर गुरसहायगंज जा रहा था।दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की चपेट में आई कार इनोवा क्रिस्टा पर सवार घायल चालक राजेंद्र अग्रवाल पुत्र चंद्रप्रकाश निवासी लाजपतनगर, साहिबाबाद गाजियाबाद,विकास चौरसिया,राधा चौरसिया,ललित चौरसिया निवासी गंगापुरम,थाना क्षेत्र मसूरी, गाजियाबाद,सहित राहुल पुत्र जितेंद्र कुमार को स्थानीय स्तर पर उपचार के बाद गंतव्य को रवाना कर दिया गया।हादसे के दौरान फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।यूपीडा और पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।