विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं ईवीएम प्रदर्शन केंद्र के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न
-मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक बूथ पर बीएलए नियुक्त करने की अपील
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान एवं ईवीएम डेमोन्स्ट्रेशन सेंटर के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने ईवीएम डेमोन्स्ट्रेशन सेंटर के माध्यम से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं आमजन को ईवीएम की कार्यप्रणाली तथा मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की। साथ ही मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा पुनरीक्षण कार्य में राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता पर बल दिया।
बैठक में अवगत कराया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को माह अप्रैल, जुलाई एवं अक्टूबर की पूरक मतदाता सूचियां उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इसके बावजूद अभी तक किसी भी राजनीतिक दल द्वारा बूथ लेवल एजेंट बीएलए नियुक्त किए जाने संबंधी सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है।
जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करते हुए प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाया जा सके।
बैठक में भाजपा के जिला महामंत्री लक्ष्मीकांत साहू, बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र वर्मा, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष विवेक यादव, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिला सचिव सूर्यकिशोर तिवारी तथा अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार राजपूत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।